चार्जशीट दायर होने पर शीघ्र करें भुगतान: डीएम

समाहरणालय में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति तथा मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम 2013 की बैठक हुई.

सीवान. समाहरणालय में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति तथा मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम 2013 की बैठक हुई. जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्राथमिकी होने तथा चार्जशीट दायर होने पर विभाग से प्राप्त आवंटन के आलोक में नियमानुसार यथाशीघ्र भुगतान किया जाए. वहीं आरोप पत्र पर लंबित भुगतान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से समन्वय स्थापित करने तथा आरोप पत्र प्राप्त कर भुगतान की अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा गया. इसके अलावा विशेष लोक अभियोजक को निर्देश दिया गया कि न्यायालय में लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए सजा से संबंधित अग्रेतर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें. साथ हीं गवाह की उपस्थिति हेतु पुलिस अधीक्षक कार्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें. बैठक में व पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार, वरीय उप समाहर्ता, सिविल सर्जन डा. श्रीनिवास प्रसाद, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुभाष राम, विशेष लोक अभियोजक, एससी/एससी थानाध्यक्ष, नोडल पदाधिकारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. ——————– विद्यालय के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा पूरा सीवान. शहा के केंद्रीय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की द्वितीय बैठक जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में हुई. इस दौरान सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. डीएम ने शिक्षिका दीपिका पाठक, टीपी गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव, धर्मुलाल, एसके तिवारी, मो. असलम व ममता कुमारी को सम्मानित करते हुए आने वाले समय में भी ऐसे उत्कृष्ट परिणाम दिलाने की बात कही. वहीं विद्यालय के मेधावी छात्र शोएब अख्तर को भी उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम के लिए पुरस्कृत किया गया. जबकि कक्षा नौवीं की छात्रा आराध्या कुमारी को राष्ट्रीय स्तर खेल-कूद प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया. अंत में डीएम ने विद्यालय के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया. वहीं प्राचार्य हेमंत कुमार ने विद्यालय के लिए स्थायी भवन हेतु भूमि आवंटन में सहयोग देने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया. ——————— 79 शिकायतकर्ताओं ने सुनाई अपनी समस्या सीवान. सात निश्चय तीन के तहत शुक्रवार को आयोजित सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम में जिला समाहरणालय सभागार में फरियादियों की भीड़ लगी रही. इस दौरान लोगों ने जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय सहित अन्य पदाधिकारियों के समक्ष खुलकर अपनी समस्याएं रखीं. कुल 79 परिवादियों ने विभिन्न प्रकार की परेशानियां सुनाते हुए उसके निदान की गुहार लगाई. जिला के विभिन्न प्रखंडों से आए परिवादकर्ता ने भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण, जमीन विवाद से संबंधित समस्याएं, कल्याण विभाग, बैंकिंग, शस्त्र, आपूर्ति, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग, विद्युत के वरीय पदाधिकारी के कार्यालय आदि एवं अन्य विभिन्न मामलों से संबंधित समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखी. इस दौरान पदाधिकारियों ने सभी फरियादियों के आवेदन पर बारी-बारी से गौर किया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जनता दरबार में आए सभी मामलों को विशेष रूप से ध्यान देते हुए ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया है. निष्पादनों से संबंधित कार्रवाई की अधिकारियों से मांग भी की गई है. अधिकांश शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास प्रेषित किया गया तो कुछ मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को फोन पर सूचित करते हुए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई की हिदायत दी गई. वहीं जमीन से संबंधित मामलों पर प्राप्त सभी आवेदन के आलोक में जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष एवं अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में अंचल स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर हर शनिवार को आयोजित होने वाले जनता से साक्षात्कार कार्यक्रम में दोनों पक्षों के व्यक्तियों को बुलाकर संबधित मामलों को प्राथमिकता देते हुए निराकरण कराने का निर्देश दिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >