मैरवा में बिजली बिल अपडेट के नाम पर ठगी, 29 रुपये का रिचार्ज कराते ही मोबाइल हैक, खाते से 90 हजार रुपये उड़ाए

मैरवा में एक व्यक्ति को बिजली बिल अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने 90 हजार रुपये की ठगी की. महज 29 रुपये के रिचार्ज के बहाने पीड़ित का मोबाइल हैक कर लिया गया. घटना के बाद पीड़ित ने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है.

Siwan News: मैरवा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने बिजली बिल अपडेट कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. महज 29 रुपये का रिचार्ज कराने के बहाने ठगों ने पीड़ित का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है.

जानकारी के अनुसार, मैरवा थाना क्षेत्र के मोतीछापर गांव निवासी उपेंद्र चौरसिया के मोबाइल पर 15 जुलाई की शाम करीब 4:57 बजे एक कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि बिजली बिल अपडेट नहीं होने के कारण उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा. इसके बाद उसने बिल अपडेट करने के नाम पर 29 रुपये का रिचार्ज कराने और एक लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने को कहा.

लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल पर हुआ नियंत्रण

पीड़ित ने ठग की बातों पर भरोसा कर बताए गए लिंक पर क्लिक किया और प्रक्रिया पूरी कर दी. इसके तुरंत बाद साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर लिया. कुछ ही देर में बैंक खाते से 90 हजार रुपये की ऑनलाइन निकासी कर ली गई. खाते से रुपये कटने का मैसेज आते ही पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ.

1930 हेल्पलाइन पर शिकायत, थाना में दिया आवेदन

घटना के बाद उपेंद्र चौरसिया ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. इसके साथ ही मैरवा थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

साइबर ठगी से बचने के लिए रखें ये सावधानियां

  • बिजली बिल, बैंक या केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले कॉल पर तुरंत भरोसा न करें.
  • किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें.
  • ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक विवरण या स्क्रीन शेयरिंग ऐप किसी के साथ साझा न करें.
  • संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें और 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं.
  • साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी की जा सकती है.

Also Read: CM सम्राट बोले- जीविका दीदियों के कहने पर सरकार ने बिजली फ्री की और पेंशन बढ़ाई, चुनाव से पहले कराया था महिला संवाद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >