Siwan News : भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय भगवानपुर हाट और सकरी में आयोजित होने वाले दो दिवसीय महावीरी मेला व अखाड़ा जुलूस को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. अनुमंडल पदाधिकारी, महाराजगंज कार्यालय के निर्देश पर दोनों स्थानों पर कुल 13 जगहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र पुलिस बल और लाठी बल की तैनाती की गयी है. अधिकारियों को जुलूस और मेला के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा किसी भी स्थिति से निबटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.
21 सितंबर को निकलेगा अखाड़ा जुलूस
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि भगवानपुर बाजार और सकरी में 21 सितंबर को अखाड़ा जुलूस निकाला जायेगा, जबकि 22 सितंबर को महावीरी मेला आयोजित होगा. इसे देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
भगवानपुर बाजार में महाविद्यालय परिसर में चार दंडाधिकारी और चार पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र पुलिस बल एवं लाठी बल की तैनाती रहेगी. इसके अलावा पुरानी बाजार, रामपुर दुर्गा मंदिर और धमई नदी के पास एक-एक दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात रहेगा.
सकरी में प्रमुख स्थानों पर रहेगी पुलिस की तैनाती
सकरी में मुख्य चौराहा के पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी छोर पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गयी है. इसके साथ ही महावीर मंदिर के मुख्य द्वार, ईदगाह मैदान से शंकरपुर जाने वाले रास्ते के मोड़ और महावीर मंदिर के मुख्य मेला परिसर स्थित पंचायत भवन के पास भी सुरक्षा बल तैनात रहेंगे.
शंकरपुर से निकलने वाले अखाड़ा जुलूस के साथ भी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मुख्य चौराहा-शंकरपुर रोड के बीच बांसवाड़ी के पास भी अधिकारियों के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा.
ईदगाह मैदान में बनाया गया विशेष पुलिस कैंप
प्रशासन की ओर से ईदगाह मैदान की चहारदीवारी के अंदर विशेष पुलिस कैंप बनाया गया है. यहां से मेला और जुलूस के दौरान क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जायेगी. पुलिस बल को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.
अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए अलर्ट रहने का निर्देश
प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों को जुलूस व मेला के दौरान लगातार सतर्क रहने को कहा है. भीड़ पर नजर रखने, विधि-व्यवस्था बनाये रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों की तैनाती का उद्देश्य मेला और अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है.
