Siwan News : सीवान में महावीरी अखाड़ा मेले के दौरान रविवार की शाम धारदार हथियार के प्रदर्शन के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना करीब छह बजे सीवान कचहरी स्टेशन के पास की बतायी जा रही है. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया.
अखाड़े में हथियार प्रदर्शन के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि कंधवारा गांव का महावीरी अखाड़ा नंबर 8 शहर की ओर आ रहा था. इसी दौरान सीवान कचहरी स्टेशन के समीप अखाड़े में शामिल एक खिलाड़ी धारदार हथियार लेकर प्रदर्शन कर रहा था. प्रदर्शन के दौरान हथियार की चपेट में आने से सरावे निवासी शशि यादव और कंधवारा निवासी राज किशोर यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
घटना के बाद मौके पर मची अफरातफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरावे निवासी सत्येंद्र नारायण यादव के पुत्र शशि यादव और कंधवारा निवासी चंद्रमा यादव के पुत्र राज किशोर यादव के रूप में हुई है.
जानबूझकर हमला करने का भी लगाया आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों पर जानबूझकर हमला किया गया है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
प्रतिबंध के बावजूद धारदार हथियारों का प्रदर्शन
गौरतलब है कि महावीरी अखाड़ा मेले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से अखाड़ों में धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगायी गयी थी. इसके बावजूद मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पारंपरिक धारदार हथियार लेकर पहुंचने की बात सामने आयी है. घटना के बाद प्रशासनिक निर्देशों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
दोनों घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर भी चर्चा तेज हो गयी है.
