सीवान: महाराजगंज में ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना को मिली जमीन, फतेहपुर में बनेंगे एमआरएफ, कंपोस्ट प्लांट और एसटीपी

Siwan News: महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के लिए फतेहपुर गांव की 8.10 एकड़ भूमि का चयन कर लिया गया है. इस भूमि पर एमआरएफ, कंपोस्ट प्लांट और एसटीपी जैसे महत्वपूर्ण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे.

Siwan News: महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) परियोजना को लेकर अहम प्रगति हुई है. दरौंदा अंचल प्रशासन ने परियोजना के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है. अंचल अधिकारी ने अपर समाहर्ता को प्रतिवेदन भेजकर फतेहपुर गांव की 8.10 एकड़ भूमि पर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कंपोस्ट प्लांट, सैनिटरी लैंडफिल (एसएलएफ) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट-सह-फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी-एफएसटीपी) स्थापित करने की अनुशंसा की है.

नगर पंचायत के अनुरोध पर शुरू हुई प्रक्रिया

पत्र के अनुसार, महाराजगंज नगर पंचायत ने 27 जून और 18 जुलाई को अंचल प्रशासन से परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. इसके बाद दरौंदा अंचल के कोथुआ सारंगपुर पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव में थाना संख्या-164, खाता संख्या-145 और सर्वे संख्या-81 की 8.10 एकड़ भूमि का चयन किया गया.

जांच में परियोजना के लिए उपयुक्त मिली भूमि

राजस्व विभाग की जांच में पाया गया कि चयनित भूमि का खतियानी स्वरूप गैरमजरूआ मालिकान तथा किस्म झील दर्ज है. हालांकि वर्तमान में यह कई वर्षों से परती पड़ी है और इसका स्वरूप बदल चुका है.

राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन की जांच रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस भूमि पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाएं स्थापित होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी.

आपत्ति दर्ज नहीं होने के बाद भेजी गई अंतिम रिपोर्ट

भूमि चयन के बाद प्रशासन की ओर से आम सूचना जारी कर निर्धारित समय तक आम लोगों से आपत्तियां मांगी गई थीं. तय अवधि के भीतर किसी भी व्यक्ति ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई.

इसके बाद अंचल अधिकारी ने अंतिम प्रतिवेदन में स्पष्ट किया कि चयनित भूमि पर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कंपोस्ट प्लांट, सैनिटरी लैंडफिल (एसएलएफ) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट-सह-फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी-एफएसटीपी) का निर्माण किया जा सकता है.

अब जिला प्रशासन की स्वीकृति का इंतजार

अंचल अधिकारी ने मापी का नजरिया नक्शा और आम सूचना की प्रति भी अपर समाहर्ता को भेज दी है. अब जिला प्रशासन के स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम

यह परियोजना शुरू होने के बाद महाराजगंज नगर पंचायत क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी. इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >