सीवान: महाराजगंज थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ मंगलवार की अहले सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली. थाना क्षेत्र के सरया गांव में एक घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार मोटरसाइकिल भी जब्त कीं. हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन को गुप्त सूचना मिली थी कि सरया गांव निवासी सेतू पांडे, जिनके खिलाफ पहले से शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं, अपने घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखे हुए हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ के निर्देश पर महाराजगंज थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी तथा पुलिस पदाधिकारी अमरेदर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई.
करीब दो लाख रुपये की शराब बरामद, चार बाइक भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की, जिसकी बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है. मौके से चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं. इनमें एक बुलेट, दो स्प्लेंडर और एक अपाचे बाइक शामिल है. पुलिस सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनका उपयोग शराब तस्करी में कैसे किया जा रहा था.
मुख्य आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी सेतू पांडे, पिता झूलन पांडे, निवासी सरया, मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत दर्ज होगी प्राथमिकी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है और चार मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं. सभी वाहनों के कागजात की जांच की जा रही है, ताकि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके.
महाराजगंज थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक
