Siwan News : आंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में बुधवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में नगर निकायों के पुनर्गठन, विस्तार और उत्क्रमण से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की गयी. पर्यटन विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में महाराजगंज नगर पंचायत के क्षेत्र विस्तार और उसे नगर परिषद में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव प्रमुख रहा. प्रस्ताव के तहत महाराजगंज और दरौंदा प्रखंड की आंशिक पंचायतों के 10 राजस्व गांवों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने की तैयारी है.
10 गांव जुड़ने से बढ़ेगा महाराजगंज का शहरी दायरा
प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद महाराजगंज का शहरी दायरा आसपास के ग्रामीण इलाकों तक विस्तारित हो जायेगा. इससे इन क्षेत्रों में सड़क, नाला, जल निकासी, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा. बैठक में प्रस्ताव को नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया.
अभी नगर पंचायत में शामिल हैं आठ राजस्व गांव
फिलहाल महाराजगंज नगर पंचायत में आठ राजस्व गांव शामिल हैं, जिन्हें 17 प्रशासनिक वार्डों में बांटा गया है. नगर पंचायत का क्षेत्रफल 9.01 वर्ग किलोमीटर और आबादी 26,020 है. क्षेत्र विस्तार के प्रस्ताव में तेवथा, मानपुर, बंगरा, दुरेजी, कल्याणपुर, बाल बंगरा, रूकुन्दीपुर, कटवार, कोथुआं सारंगपुर और अभूई को शामिल किया जाना है.
महाराजगंज और दरौंदा की पंचायतों से जुड़े हैं प्रस्तावित गांव
प्रस्तावित गांव महाराजगंज प्रखंड की तेवथा, तेघड़ा और बाल बंगरा तथा दरौंदा प्रखंड की रूकुन्दीपुर और कोथुआं सारंगपुर की आंशिक ग्राम पंचायतों से जुड़े हैं. इन गांवों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने से शहर के आसपास तेजी से विकसित हो रहे ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का मौका मिलेगा.
नगर परिषद बनने पर तेज होगा योजनाबद्ध शहरी विकास
नगर परिषद बनने के बाद विस्तारित क्षेत्र में योजनाबद्ध शहरी विकास की उम्मीद है. क्षेत्र विस्तार के साथ नगर निकाय स्तर पर विकास योजनाओं का दायरा भी बढ़ेगा. सड़क, नाला, जल निकासी, स्वच्छता और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की संभावना है.
राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई बैठक
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित किया. बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया. जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने प्रभारी मंत्री का पौधा, शॉल और मोमेंटो देकर स्वागत किया. अन्य सदस्यों का भी पौधा देकर स्वागत किया गया.
विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को मिला लाभ
बैठक के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच सहायता, प्रशस्ति पत्र, डमी चेक और पर्चे वितरित किये गये. दिव्यांगजन सशक्तजन कोषांग की ओर से 25 लाभुकों को बैट्रीचालित ट्राईसाइकिल दी गयी. बिहार स्टूडेन्ट क्रेडिट कार्ड योजना के तीन लाभुकों, जीविका की आरंभिक पूंजीकरण निधि के तीन लाभुकों और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के पांच लाभुकों को भी लाभ दिया गया.
मातृ वंदना और अनुग्रह अनुदान के लाभुकों को भी सहायता
आईसीडीएस की ओर से अनुग्रह अनुदान के दो आश्रितों और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के एक लाभुक को सहायता दी गयी. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दो लाभुकों तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के एक लाभुक को भी लाभ दिया गया. आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से राहत के लिए दो लाभुकों को अनुदान दिया गया.
अभियान बसेरा के तहत 10 लाभुकों को मिला पर्चा
जिला पंचायत राज कार्यालय की ओर से ग्राम कचहरी सचिव और न्याय मित्र की सेवाकाल में मृत्यु के बाद अनुग्रह अनुदान योजना के चार लाभुकों को सहायता दी गयी. वहीं जिला राजस्व शाखा की ओर से सीवान सदर प्रखंड में अभियान बसेरा के तहत 10 लाभुकों के बीच पर्चा वितरित किया गया.
बैठक में सांसद और विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, गोरेयाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह, दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह, महाराजगंज विधायक हेम नारायण साह, बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल और जीरादेई विधायक भिष्म प्रताप सिंह मौजूद रहे. जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी, नगर परिषद की मुख्य पार्षद सेंपी देवी और लोजपा आर जिलाध्यक्ष महादेव पासवान समेत अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए.
.
