सीवान में 15 साल बाद भी बस स्टैंड का इंतजार, महाराजगंज में सड़क पर खड़े वाहनों से बढ़ रही जाम की समस्या

नगर पंचायत का दर्जा मिले 15 साल बीत गए, लेकिन महाराजगंज को आज तक स्थायी बस स्टैंड की सुविधा नहीं मिल सकी है. सड़क किनारे खड़े वाहनों से लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

महाराजगंज . नगर पंचायत का दर्जा मिले करीब 15 साल बीत जाने के बाद भी शहर को स्थायी बस स्टैंड की सुविधा नहीं मिल सकी है . मजबूरी में सवारी वाहन चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यात्रियों को बैठाते हैं, जिससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है .

सैकड़ों वाहनों और हजारों यात्रियों को हो रही परेशानी

महाराजगंज शहर में प्रतिदिन एक सैकड़ा से अधिक छोटे-बड़े यात्री वाहन चलते हैं, जिनसे करीब एक हजार से अधिक लोग सफर करते हैं . लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए अब तक बस स्टैंड का निर्माण नहीं कराया गया है . बस संचालक अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग जगहों पर वाहन रोककर यात्रियों को बैठाते हैं .

राजेंद्र चौक बना वाहनों का मुख्य पड़ाव

शहर के राजेंद्र चौक पर अधिकांश सवारी वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है . यहां से जिला मुख्यालय सीवान, छपरा, पटना, बसंतपुर और जनता बाजार समेत कई स्थानों के लिए लोग यात्रा करते हैं . जिला मुख्यालय और अन्य जगहों से आने वाले वाहन भी इसी स्थान पर रुकते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है .

यात्री शेड और पेयजल सुविधा भी नहीं

स्थायी बस स्टैंड तो दूर, यात्रियों के लिए यात्री शेड तक की व्यवस्था नहीं हो सकी है . धूप और बारिश के दौरान यात्रियों को दुकानों में शरण लेनी पड़ती है . पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग भी कई वर्षों से उठ रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है .

सड़क पर वाहन खड़े होने से बढ़ रहा जाम

बस स्टैंड नहीं होने के कारण शहर के मुख्य बाजार में सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं . इससे आवागमन बाधित होता है और आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है . दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहने से बाजार की व्यवस्था प्रभावित हो रही है .

लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की

स्थानीय लोगों का कहना है कि महाराजगंज बाजार में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के कारण विकास योजनाओं के लिए जगह की समस्या बताई जाती है . जबकि अतिक्रमण हटाकर बस स्टैंड जैसी जरूरी सुविधा विकसित की जा सकती है . स्थानीय निवासी दिनेश कुमार, प्रमोद सोनी, राजू कुमार, मनोज कुमार, संजीव कुमार, मो. साबू और आनंद सिंह ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था लगातार खराब हो रही है, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है .

व्यापार पर भी पड़ रहा असर

वाहनों के सड़क पर खड़े होने से बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है . इसका असर व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है . लोगों का कहना है कि स्थायी बस स्टैंड बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को भी राहत मिलेगी .

क्या कहते हैं अधिकारी

नगर पंचायत के ईओ डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि शहर में स्थायी बस स्टैंड बनाने की प्रक्रिया चल रही है . जल्द ही इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी .


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >