Siwan News: लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में बुधवार की शाम महागठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने दिल्ली में NEET अभ्यर्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में फ्लैग मार्च निकाला. मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के अनुमंडल प्रभारी इंजीनियर गुलाम जिलानी उर्फ टुल्लू बाबू, विधानसभा प्रभारी रिजवान अहमद तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया.
मदारपुर-331 मार्ग पर निकाला गया फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च मदारपुर-331 मार्ग और मदारपुर खेल मैदान से होकर गुजरा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की.
छात्रों की आवाज दबाने का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि NEET परीक्षा में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ दिल्ली में पुलिस ने बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया. नेताओं ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.
पेपर लीक पर प्रभावी कार्रवाई की मांग
महागठबंधन नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही और पेपर लीक पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सिवान से लेकर पटना और दिल्ली तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा.
