सीवान में मदरसा व संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों का पांच माह से वेतन लंबित

बिहार में गैर-सरकारी अनुदानित मदरसों और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों ने 5 महीने से लंबित वेतन के शीघ्र भुगतान की मांग की है। जानें पूरी खबर।

सीवान: बिहार मदरसा शिक्षक संघ जिला कमेटी, सीवान ने राज्य के मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी अनुदानित मदरसों एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों तथा शिक्षकेतर कर्मचारियों के पिछले पांच माह से लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है. इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष सैयद मो. शाहाबुद्दीन एवं सचिव साहेब हुसैन ने मुख्यमंत्री के नाम जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर वेतन भुगतान की दिशा में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है.

सत्यापन प्रक्रिया के कारण वेतन भुगतान लंबित

संघ की ओर से दिये गये आवेदन में कहा गया है कि पिछले पांच माह से सत्यापन प्रक्रिया के कारण शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं हो सका है. लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मियों के सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, आवश्यक चिकित्सा खर्च और बैंक ऋण की किस्त चुकाने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो गयी हैं.

संघ ने कहा कि लगातार वेतन लंबित रहने से शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. वेतन भुगतान में देरी के कारण कर्मियों में आर्थिक संकट के साथ मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है.

शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ने की जतायी आशंका

मदरसा शिक्षक संघ ने कहा कि वेतन भुगतान में लंबे समय तक हो रही देरी का असर संबंधित विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों पर भी पड़ने की आशंका है. आर्थिक परेशानियों के बीच शिक्षक और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं.

संघ का कहना है कि लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान होने से शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आर्थिक संकट से राहत मिलेगी और विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी.

मुख्यमंत्री से शीघ्र भुगतान कराने की मांग

संघ ने मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित विभाग एवं कार्यालयीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है. संघ ने पिछले पांच माह से लंबित वेतन का शीघ्र एवं अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है.

आवेदन की प्रतिलिपि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सीवान को भी दी गयी है.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >