सीवान के गुठनी में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

गुठनी प्रखंड मुख्यालय में भूतनाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई. हजारों भक्तों की उपस्थिति में यह यात्रा श्रद्धा और उत्साह का संगम रही. पूरे नगर में भजन-कीर्तन और 'हरे कृष्ण, हरे राम' के जयघोष से भक्तिमय माहौल रहा, जहाँ श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

Siwan News: गुठनी प्रखंड मुख्यालय स्थित भूतनाथ मंदिर से सोमवार की संध्या भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का रथ खींचा और पुण्य लाभ अर्जित किया.

भजन-कीर्तन और जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

रथयात्रा के दौरान पूरे नगर में "हरे कृष्ण, हरे राम" महामंत्र का जयघोष गूंजता रहा. भजन-कीर्तन और नृत्य से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रंगोली सजाकर, पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर भगवान श्री जगन्नाथ का स्वागत किया.

सुबह से मंदिर में चल रहे थे धार्मिक अनुष्ठान

रथयात्रा को लेकर भूतनाथ मंदिर में सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे. मंगल आरती और गुरु पूजा के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा का पंचामृत से अभिषेक किया गया. इसके बाद भगवान को नए वस्त्र पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया और विशेष आरती के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया.

सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही.

पुरी की तर्ज पर निकली रथयात्रा

रथयात्रा के दौरान पूरा गुठनी नगर श्री जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर भक्तिमय माहौल में नजर आया. पुरी से आई कीर्तन मंडली ने हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन प्रस्तुत किया. कीर्तन की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए भगवान के जयकारे लगाते रहे.

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की रथयात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई.

रथ पर सवार रहे भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा

रथयात्रा में सबसे आगे सुदर्शन चक्र, उसके पीछे भगवान बलदेव, देवी सुभद्रा और अंत में भगवान श्री जगन्नाथ की प्रतिमाएं विराजमान थीं. विशेष आरती और सामूहिक महामंत्र जाप के बाद श्रद्धालुओं ने रथ खींचना शुरू किया.

रथयात्रा भूतनाथ मंदिर से निकलकर मुख्य बाजार, गुठनी चौराहा, तेनुआ मोड़ सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची. वहां भगवान की आरती, भोग और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट विश्राम के लिए बंद कर दिए गए.

श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद

रथयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी. कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती उतारकर श्रद्धालुओं के बीच फल और प्रसाद का वितरण किया.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandra Prakash

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >