सीवान: ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 15280 के जनरल कोच से लावारिस हालत में देशी और विदेशी शराब बरामद की. आरपीएफ की टीम ने कोच में शौचालय के पास रखे दो प्लास्टिक के झोलों से कुल 123 पाउच शराब जब्त किये. बरामद शराब की कुल मात्रा 24.60 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,265 रुपये बतायी गयी है.
शौचालय के पास लावारिस मिले दो झोले
आरपीएफ के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के निर्देश पर तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान गाड़ी संख्या 15280 के जनरल कोच संख्या ईसी 114784/सी में इंजन की ओर शौचालय के पास दो प्लास्टिक के झोले लावारिस अवस्था में मिले.
संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने दोनों झोलों की जांच की. एक झोले से 8 पीएम टेट्रा पैक व्हिस्की के 60 पाउच बरामद हुए. प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी. इस तरह कुल 12 लीटर विदेशी शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 7,800 रुपये बतायी गयी है.
दूसरे झोले से देशी शराब के 63 पाउच मिले
वहीं, दूसरे झोले की जांच करने पर बंटी-बबली लाइम देशी शराब के 63 पाउच बरामद किये गये. प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी. इससे कुल 12.60 लीटर देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,465 रुपये बतायी गयी है.
इस तरह दोनों झोलों से कुल 24.60 लीटर देशी-विदेशी शराब के 123 पाउच बरामद किये गये, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 11,265 रुपये है.
उत्पाद विभाग को सौंपी गयी शराब
आरपीएफ ने बरामद शराब को विधिवत जब्त करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, सीवान को सौंप दिया. उत्पाद विभाग ने 8 अगस्त को मामले में कांड संख्या 638/26 दर्ज किया है. अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की गयी है.
चार सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली आरपीएफ टीम में पोस्ट सीवान के उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल परमेंद्र राय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव और नीरज कुमार पांडेय शामिल रहे. रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि ट्रेनों में संदिग्ध सामान और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
