Lightning Strike: दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसांव मठिया गांव में शुक्रवार की देर रात तेज गर्जन और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक घर को भारी नुकसान पहुंचा. बिजली गिरने से मकान की छत और दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गईं. वहीं बिजली के बोर्ड, तार, पंखा, टीवी, बल्ब सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए. घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
बताया जाता है कि सिरसांव मठिया निवासी मुन्ना साह के घर की छत पर आकाशीय बिजली गिरी. छत पर छोड़े गए लोहे के रॉड के माध्यम से बिजली घर के अंदर प्रवेश कर गई. तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से घर में अफरा-तफरी मच गई.
छत और दीवारों में आई दरार
घटना के बाद परिजनों ने घर की स्थिति देखी तो दीवारों में जगह-जगह दरारें दिखाई दीं. पीड़ित के अनुसार, छत के पाए और छत के अन्य हिस्सों में भी दरारें आ गई हैं. इससे मकान कमजोर होने और किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है.
बिजली गिरने से घर में लगे कई विद्युत उपकरण भी जलकर खराब हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया. नुकसान की स्थिति देखकर ग्रामीण भी चिंतित नजर आए.
प्रशासन से मुआवजे की मांग
पीड़ित मुन्ना साह ने प्रशासन और आपदा विभाग से क्षति का आकलन कर उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि अचानक हुई प्राकृतिक आपदा से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
