Kursaut PACS Election: करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया में मंगलवार को महत्वपूर्ण बदलाव हुआ. नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी अनूप कुमार सिंह ने निर्धारित तिथि पर अपना नामांकन वापस ले लिया. नामांकन वापसी के बाद अब पैक्स अध्यक्ष पद के लिए राजीव रंजन सिंह और अल्का देवी के बीच सीधा मुकाबला रह गया है.
करसौत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 19 और 20 अगस्त को पूरी हुई थी. अंतिम दिन अनूप कुमार सिंह के नामांकन दाखिल करने के बाद अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे. मंगलवार को नामांकन वापसी की निर्धारित तिथि पर अनूप कुमार सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे चुनावी तस्वीर अब साफ हो गयी है.
1 सितंबर को होगा मतदान
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी सिंपी कुमारी की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार करसौत पैक्स चुनाव के लिए 1 सितंबर 2026 को सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कराया जायेगा.
मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. वहीं, पूरी चुनाव प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 को समाप्त होगी.
दोनों प्रत्याशियों को मिला चुनाव चिह्न
नामांकन वापसी के बाद मंगलवार को दोनों प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न का भी आवंटन कर दिया गया. अल्का देवी को ‘मोतियों का माला’, जबकि राजीव रंजन सिंह को ‘ब्लैक बोर्ड’ चुनाव चिह्न मिला है.
चुनाव चिह्न आवंटित होने के साथ ही दोनों प्रत्याशियों के समर्थक चुनावी तैयारियों में जुट गये हैं. गांव में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है.
मतदाताओं से संपर्क में जुटे प्रत्याशी
नामांकन वापसी के बाद दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं. गांव में बैठकों और जनसंपर्क का दौर तेज होने लगा है.
इधर, प्रखंड स्तर पर चुनाव को लेकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां भी की जा रही हैं. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं.
इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
