Siwan News: सावन माह के पवित्र अवसर पर चारों ओर शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है. इसी कड़ी में शुक्रवार को भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र से कांवड़ियों का एक जत्था पूरे उत्साह और अटूट भक्ति भाव के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ. रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के प्रसिद्ध साधबाबा की समाधि स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपनी कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय होने की प्रार्थना की.
जयकारों के साथ दी गई भावभीनी विदाई
पूजा-अर्चना के पश्चात कांवड़ियों ने साधबाबा की समाधि की परिक्रमा की और भगवान शिव की आराधना की. इसके बाद 'बोल बम', 'हर-हर महादेव' और 'बाबा बैद्यनाथ की जय' के गगनभेदी जयघोष के साथ जत्था देवघर के लिए प्रस्थान कर गया. श्रद्धालुओं के जयकारों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया. इस अवसर पर कांवड़ियों को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में उनके परिजन, ग्रामीण एवं स्थानीय श्रद्धालु समाधि स्थल पर एकत्र हुए और यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं.
सुल्तानगंज से जल लेकर पैदल तय करेंगे सफर
जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे. वहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपने परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना करेंगे. उन्होंने बताया कि सावन माह में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने का विशेष धार्मिक महत्व है और वे हर वर्ष इसी आस्था के साथ यह कठिन यात्रा पूरी करते हैं. देवघर रवाना होने वाले जत्थे में धीरज पांडेय, भूपेंद्र कुमार, अमित कुमार सिंह, अमित कुमार शर्मा, सागर कुमार सिंह, सतीश शर्मा, धनंजय कुमार सहित कई अन्य शिवभक्त शामिल हैं.
