Siwan News : दक्षिण टोला स्थित कलवार समाज की ओर से शनिवार को ग्रैंड मौर्या में भगवान बलभद्र का पूजनोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधान पार्षद विनोद जायसवाल, विधायक हेमनारायण प्रसाद और समाज के गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
महिलाओं की भागीदारी को बताया शुभ संकेत
समारोह को संबोधित करते हुए विधान पार्षद विनोद जायसवाल ने कहा कि पूजनोत्सव में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी समाज के लिए शुभ संकेत है. उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
उन्होंने जातीय जनगणना के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि कलवार समाज की आबादी कम दिखायी गयी है, जबकि समाज की संख्या इससे अधिक है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से जागरूक होकर मताधिकार की महत्ता को समझने और संगठित होने की जरूरत है. इससे पंचायत स्तर से लेकर उच्च सदन तक समाज के लोग पहुंचकर अपने हक और अधिकार की बात मजबूती से रख सकते हैं.
मेहंदी, चित्रकला और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन
पूजनोत्सव के दौरान मेहंदी, चित्रकला और नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों काजल, प्रिया, हंसिका, आराध्या, संस्कृति और युवराज को पुरस्कृत किया गया.
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रत्याशी मुरली मनोहर, रंजीत प्रसाद, नंदकिशोर, बादल, गोविंद जी, राजीव जायसवाल, पिंकू जायसवाल, अरविंद जायसवाल, हिमांशु जायसवाल और पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.
