सीवान में मानसून की जोरदार वापसी, जुलाई के 20 दिनों में 317 मिमी बारिश; धान की रोपनी को मिली रफ्तार

सीवान जिले में मानसून की सक्रियता ने किसानों को राहत दी है. जुलाई के 20 दिनों में 317 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य लक्ष्य के करीब है. हालांकि, कुछ इलाकों में जलजमाव से परेशानी बढ़ी है.

Siwan News: सीवान जिले में जुलाई माह में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है. जून और जुलाई के शुरुआती दिनों में कमजोर पड़े मानसून ने पिछले एक सप्ताह में जोरदार वापसी की है. इसका असर यह हुआ कि जुलाई के पहले 20 दिनों में जिले में 317 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस माह के 321 मिलीमीटर सामान्य वर्षा लक्ष्य के बेहद करीब है. अब सामान्य वर्षा का लक्ष्य पूरा होने के लिए सिर्फ 4 मिलीमीटर बारिश की जरूरत है.

सक्रिय मानसून से किसानों को मिली राहत

लगातार हो रही बारिश ने जिले में खरीफ खेती को नई गति दी है. बारिश के अभाव में प्रभावित धान की रोपनी अब तेजी से आगे बढ़ रही है. खेतों में पर्याप्त पानी भरने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है.

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रही तो जिले में धान की रोपनी लगभग पूरी हो जाएगी और खरीफ फसलों की बेहतर पैदावार की उम्मीद बढ़ेगी.

जून में बारिश की भारी कमी से पिछड़ी थी खेती

जून और जुलाई के शुरुआती दिनों में मानसून के कमजोर रहने से जिले की खेती लक्ष्य से पीछे रह गई थी. किसान सूखे की आशंका से चिंतित थे और कई जगह मोटर पंप के सहारे धान की रोपनी कर रहे थे.

आंकड़ों के अनुसार, जून में सामान्य वर्षा 143 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन जिले में केवल 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं जुलाई में औसत वर्षा 321 मिलीमीटर निर्धारित है, जिसमें अब तक 317 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है.

मौसम हुआ सुहावना, उमस से मिली राहत

लगातार झमाझम बारिश से जिले का मौसम सुहावना हो गया है. सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चली.

बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.

जलजमाव से बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश का असर शहर और ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला. कई निचले क्षेत्रों में जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. कई सड़कों पर पानी भर गया, जबकि कच्चे रास्तों पर कीचड़ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई.

आने वाले दिनों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.

प्रशासन ने लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.

क्या कहते हैं जिला कृषि पदाधिकारी

जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) आलोक कुमार ने कहा मानसून की सक्रियता से जिले में धान की रोपनी में तेजी आई है. यदि यही स्थिति बनी रही तो शासन द्वारा निर्धारित रोपनी का लक्ष्य जल्द पूरा हो जाएगा. साथ ही इस वर्ष अच्छी पैदावार की भी उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Himanshu dwivedi

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >