Siwan News: जिले के नगर पंचायत हसनपुरा अंतर्गत छोटका टड़िला स्थित जीन बाबा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर शनिवार को गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे मार्ग में 'जय श्रीराम' और 'जय जय हनुमान' के गगनभेदी जयकारों से समूचा इलाका पूरी तरह भक्तिमय हो उठा.
SH-89 से शिवाला घाट तक निकली भव्य शोभायात्रा
मंगल कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर एसएच-89 मुख्य मार्ग, हसनपुरा एवं अरंडा गोला बाजार होते हुए शिवाला घाट पहुंची. शिवाला घाट पर महायज्ञ के मुख्य आचार्य रविंद्र पांडे एवं उनकी सहयोगी ब्राह्मण मंडली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से श्रद्धालुओं के कलश में पवित्र जल भरवाया गया. इसके उपरांत सभी श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश धारण कर पुनः यज्ञ मंडप पहुंचे, जहां पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश के साथ तीन दिवसीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ.
2500 श्रद्धालु हुए शामिल, रंगीला यादव बने मुख्य यजमान
आयोजन समिति के अनुसार, कलश यात्रा में करीब 2500 महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. यज्ञ का संपूर्ण आयोजन स्थानीय ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से संपन्न कराया जा रहा है. महायज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में रंगीला यादव एवं उनकी धर्मपत्नी पूजा-अर्चना में शामिल हैं.
उल्लेखनीय है कि छोटका टड़िला स्थित इस भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण अरंडा निवासी बाल्मीकि प्रसाद द्वारा कराया गया है. हनुमत प्राण प्रतिष्ठा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और उमंग देखा जा रहा है.
सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही पुलिस
कलश यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल पूरे रास्ते मुस्तैद रहा. इस पावन मौके पर संतोष यादव, रामा यादव, पवन यादव, गुलाब यादव, छोटेलाल, शंभू यादव, अवधेश, रामनाथ, लालजी, मनीष कुमार, रविंद्र यादव, संजय यादव, कमलेश सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य व श्रद्धालु उपस्थित रहे.
