Siwan News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव में उधार में सामान नहीं देने के विवाद में एक किराना दुकानदार और उसके बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया. घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दुकानदार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया.
उधार देने से इनकार पर हुआ विवाद
घायल दुकानदार की पहचान छोटपुर गांव निवासी उमाशंकर साह के रूप में हुई है. वहीं उनके पुत्र संतोष कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. उमाशंकर साह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे गांव का एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और उधार में सामान मांगा. उधार देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद युवक वहां से चला गया.
कुछ देर बाद हथियार लेकर लौटे आरोपी ने किया हमला
पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद वही युवक धारदार हथियार लेकर वापस आया और अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान जब पुत्र संतोष कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
दुकानदार की हालत गंभीर, पीएमसीएच रेफर
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उमाशंकर साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहीं उनके पुत्र संतोष कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी.
Also Read : हाजीपुर में 24 जुलाई को लगेगा सोलर मेला, एक ही जगह मिलेगी आवेदन, लोन और सब्सिडी की सुविधा
