Siwan News : सीवान के मैरी मकसूसपुर गांव स्थित ठाकुरबाड़ी परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में 551 कन्याओं ने संकल्प लेकर सिर पर कलश धारण किया और यज्ञ मंडप से जलभरी के लिए रवाना हुईं.
मैरी सलेमपुर और बलहा होते हुए तालाब पहुंची यात्रा
कलश यात्रा यज्ञ मंडप से निकलकर मैरी सलेमपुर, बलहा होते हुए रामपुर लौवा गांव स्थित तालाब पहुंची. यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरा गया. इसके बाद यात्रा बाबा चौक और पंडित के रामपुर होते हुए वापस यज्ञ मंडप पहुंची. पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालु जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण और सनातन धर्म की जय के जयघोष करते रहे.
हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे रहे आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा में बैंड-बाजे के साथ हाथी और घोड़े भी शामिल रहे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर शीतल पेय, फल और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गयी थी. बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लिया.
सात दिनों तक होगी श्रीमद्भागवत कथा
आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक वृंदावन से पधारे कथा वाचक आचार्य अमित कार्तिकेय जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे. धार्मिक आयोजन के यजमान विमल ठाकुर हैं. कथा को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
कलश यात्रा के दौरान वैद्यनाथ ठाकुर, अंशुल ठाकुर, विक्रमा ठाकुर, उमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. आयोजकों के अनुसार सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
