सीवान में 16 अगस्त से शुरू होगी JEE-NEET की फ्री कोचिंग, इस दिन जारी होगी चयनित छात्रों की सूची, जानें कैसे मिलेगा लाभ

Siwan JEE/NEET Free Coaching : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए JEE और NEET की तैयारी अब आसान होगी. 155 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में 16 अगस्त से निःशुल्क कोचिंग शुरू की जा रही है. इच्छुक छात्रों की सूची 14 अगस्त तक तैयार की जाएगी.

Siwan JEE/NEET Free Coaching : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की तैयारी का रास्ता आसान होने जा रहा है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से 155 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में संध्याकालीन नि:शुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. इच्छुक विद्यार्थियों की सूची 14 अगस्त तक तैयार होगी, जबकि अन्य विद्यालयों में 16 अगस्त से कोचिंग शुरू करने की योजना है.

155 विद्यालयों में शुरू होगी JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग

दरअसल, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से राज्य के चिह्नित 155 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में JEE और NEET प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए संध्याकालीन नि:शुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. इस संबंध में समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

14 अगस्त तक तैयार होगी इच्छुक छात्रों की सूची

कार्यक्रम का लाभ लेने के इच्छुक कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक चिह्नित किया जाएगा. प्रत्येक विद्यालय में JEE और NEET की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की अलग-अलग सूची बनाई जाएगी. सूची की एक प्रति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को भी उपलब्ध कराई जाएगी.

सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

कम से कम 50 विद्यार्थियों के बैठने की होगी व्यवस्था

संध्याकालीन कक्षाओं के संचालन के लिए विद्यालयों में कम से कम 50 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता वाला एक कक्ष तैयार रखना होगा. कक्षा में इंटरनेट के साथ स्मार्ट टीवी या स्मार्ट बोर्ड की सुविधा उपलब्ध करानी होगी. इसके अलावा बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी.

स्कूल के शिक्षक संभालेंगे कार्यक्रम की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के संचालन के लिए विद्यालय के किसी शिक्षक को नामित किया जाएगा. यदि विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध हैं, तो उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है.

वीडियो लिंक से पढ़ाई, जल्द शुरू होंगी Live Classes

JEE और NEET के विभिन्न विषयों की कक्षाओं के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से वीडियो लिंक उपलब्ध कराया जाएगा. विद्यालयों में लगे स्मार्ट टीवी या स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विशेषज्ञों की कक्षाएं प्रसारित की जाएंगी. समिति की ओर से आधुनिक स्टूडियो का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसके तैयार होने के बाद विद्यार्थियों के लिए Live Classes शुरू की जाएंगी.

पहले के छात्रों ने हासिल की बेहतर सफलता

समिति के अनुसार पहले से संचालित आवासीय और गैर आवासीय नि:शुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम के विद्यार्थियों ने बेहतर परिणाम हासिल किए हैं. अब तक 70 विद्यार्थियों ने IIT, NIT समेत अन्य सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए सफलता प्राप्त की है.

18 विद्यार्थियों ने IIT में बनाई जगह

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नि:शुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े 18 विद्यार्थी IIT के लिए सफल हुए हैं. वहीं 52 विद्यार्थियों ने NIT समेत अन्य सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए सफलता हासिल की है.

NEET में 12 विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेज का मौका

NEET की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को भी इस कार्यक्रम का लाभ मिला है. समिति के अनुसार अब तक 12 विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का अवसर प्राप्त हुआ है.

688 विद्यालयों में शुरू होगा Interactive Learning Programme

JEE-NEET कोचिंग के साथ राज्य के 688 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए Interactive Learning Programme भी शुरू किया जाएगा. इसके जरिए विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों से जुड़कर पढ़ाई करने और अपनी शंकाओं का समाधान कराने की सुविधा मिलेगी.

50 हजार से अधिक विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे विद्यार्थी

इस प्लेटफॉर्म पर देशभर के करीब 50 हजार से अधिक अनुभवी और योग्य विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगे. विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार विषय विशेषज्ञ से जुड़कर कठिन अवधारणाओं को समझ सकेंगे और सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान करा सकेंगे.

तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद

समिति के अनुसार Interactive Learning Programme का पायलट प्रोजेक्ट पटना के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में संचालित किया जा रहा है. जल्द ही इसे 688 विद्यालयों में लागू करने की योजना है. इससे तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी

दोनों योजनाओं के प्रभावी संचालन और अनुश्रवण के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा को नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया है. संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के प्राचार्य और प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश देने को कहा गया है.

कार्यक्रम के लिए समन्वयकों को मिली जिम्मेदारी

समिति की ओर से JEE-NEET कार्यक्रम के लिए मो. शयान और राकेश कुमार सिन्हा को समन्वय एवं सहयोग के लिए अधिकृत किया गया है. वहीं Interactive Learning Programme के लिए विकास तिवारी और राजीव कुमार को जिम्मेदारी दी गई है.

Also Read : सीवान के बेरोजगार युवाओं को मिलेगी नौकरी, 14 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां करेंगी ऑन-द-स्पॉट भर्ती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >