Siwan News : बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच के दौरान अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए पांच लोगों के खिलाफ भगवानपुर हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. विभाग ने सभी आरोपित उपभोक्ताओं पर कुल 1 लाख 42 हजार 825 रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया है.
जांच में पकड़े गए पांच उपभोक्ता
कनीय विद्युत अभियंता नदीम हसन की ओर से सोमवार को थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ जांच अभियान चलाया था. इस दौरान पांच उपभोक्ताओं को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया. जांच के बाद सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.
किस पर कितना लगा जुर्माना
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार पिपरहिया गांव की बिंदु देवी, पति उमाशंकर प्रसाद पर 55,640 रुपये का हर्जाना लगाया गया है. वहीं रियाज आलम पर 18,200 रुपये, मैरी मकसूसपुर के बिगू ठाकुर पर 16,580 रुपये, अरविंद कुमार पर 15,847 रुपये और मैरी सुदामा के हरि किशोर यादव पर 36,558 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है.
FIR दर्ज कर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
विद्युत विभाग की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर भगवानपुर हाट थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति है.
