Siwan News: प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार को जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया. किसानों ने अंचलाधिकारी डॉ. विकास कुमार को ज्ञापन सौंपकर जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की.
किसानों का कहना है कि जल निकासी बाधित होने से बेलौर तड़का, बहेलिया, ताली, सोहराई, पूर्वी मठिया सहित दर्जनों गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है. इससे धान समेत अन्य खरीफ फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
बांध बनाकर जल निकासी रोकने का आरोप
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र के बड़का बेलौर गांव निवासी जय प्रकाश सिंह ने अपनी निजी भूमि पर बांध बनाकर उत्तर से दक्षिण दिशा में होने वाली प्राकृतिक जल निकासी को अवरुद्ध कर दिया है. इसके कारण बारिश का पानी खेतों में जमा हो रहा है और फसलें लगातार प्रभावित हो रही हैं.
किसानों ने कहा कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो सैकड़ों किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा.
प्राकृतिक जल निकासी बहाल करने की मांग
प्रदर्शनकारी किसानों ने प्रशासन से बांध हटवाकर प्राकृतिक जल निकासी को तत्काल बहाल कराने की मांग की, ताकि खेतों में जमा पानी निकल सके और बर्बाद हो रही फसलों को बचाया जा सके.
प्रदर्शन में गंगा गोंड़, कृष्णा यादव, रजनीश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, विष्णु देव यादव, मंटू सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, प्रियांशु राय, दोस्त मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.
जांच के बाद होगी कार्रवाई : अंचलाधिकारी
अंचलाधिकारी डॉ. विकास कुमार ने बताया कि किसानों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है. मामले की जांच के लिए संबंधित राजस्व कर्मचारी को निर्देश दिया गया है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और किसानों की समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
