Siwan News : बड़हरिया प्रखंड के किसानों के लिए उर्वरक लेने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. अब किसानों को खाद लेने के लिए पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा. एफएफएस ऐप के माध्यम से आवेदन करने के बाद किसानों को बार कोड मिलेगा. इसी बार कोड के आधार पर चयनित उर्वरक दुकान से उन्हें खाद उपलब्ध करायी जाएगी.
एफएफएस ऐप से करना होगा ऑनलाइन आवेदन
इस संबंध में जानकारी देते हुए बीएओ बृजकिशोर कुशवाहा ने बताया कि किसानों के लिए एफएफएस ऐप डाउनलोड करना जरूरी है. ऐप पर लॉगिन करने के बाद किसानों को अपना पूरा विवरण दर्ज करना होगा. इसके बाद किसान अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
फार्मर आइडी वाले किसानों को मिलेगा आसान विकल्प
बीएओ ने बताया कि जिन किसानों के पास फार्मर आइडी उपलब्ध है, वे फार्मर आइडी के माध्यम से लॉगिन कर उर्वरक के लिए आवेदन कर सकेंगे. वहीं, जिन किसानों के पास फार्मर आइडी नहीं है, वे आधार कार्ड के माध्यम से लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
जिस दुकान का चयन करेंगे, वहीं से मिलेगी खाद
ऑनलाइन आवेदन करते समय किसानों को उर्वरक विक्रेता या दुकान का चयन करना होगा. आवेदन पूरा होने के बाद किसान को बार कोड प्राप्त होगा. इसके बाद किसान उसी चयनित दुकान पर पहुंचकर बार कोड दिखाकर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे.
समय रहते ऐप डाउनलोड करने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते एफएफएस ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है. विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत उर्वरक वितरण को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी.
Also Read : "ए कान्हा जी हमारा जिला के खुशहाल राखब"... नागेंद्र उजाला के भजन से गोपालगंज बना मथुरा-वृंदावन
