Siwan News : जिले के असांव थाना क्षेत्र के घटैला गांव में सोमवार की अहले सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
धान की रोपाई की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार घटैला गांव निवासी तिलेश्वर गोंड (51) सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए मेड़बंदी कर रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई. बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद जदयू के जिला सचिव सुशील गुप्ता और स्थानीय मुखिया अमरनाथ राम घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और असांव थाना प्रभारी तथा आंदर अंचलाधिकारी को घटना की जानकारी देकर मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक तिलेश्वर गोंड अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. दोनों पुत्र अविवाहित हैं, जबकि तीन पुत्रियों में दो की शादी हो चुकी है और एक पुत्री अविवाहित है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.
Also Read : पानापुर में बड़ी चोरी, संयुक्त परिवार के छह कमरों का ताला तोड़ लगभग 20 लाख के गहने और सामान ले उड़े चोर
