सीवान में यूरिया नहीं मिलने से नाराज किसान ने विस्कोमान भवन में किया आत्महत्या का प्रयास, वीडियो वायरल

Siwan News: सीवान के आंदर प्रखंड में यूरिया नहीं मिलने से नाराज एक किसान ने विस्कोमान भवन में आत्महत्या का प्रयास किया. घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया और वीडियो वायरल हो गया.

Siwan News: आंदर प्रखंड मुख्यालय स्थित विस्कोमान भवन में शुक्रवार को यूरिया वितरण के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूरिया नहीं मिलने से नाराज एक किसान ने गमछे से खिड़की में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि वहां मौजूद किसानों और अन्य लोगों की सतर्कता से उसे समय रहते बचा लिया गया. घटना के बाद कुछ देर तक परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.

सुबह से लाइन में लगे थे किसान, नहीं मिला यूरिया

जानकारी के अनुसार, जयजोर पंचायत के पूर्व सरपंच एवं किसान भीखम गोंड सुबह से ही अन्य किसानों के साथ यूरिया लेने के लिए कतार में खड़े थे. काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें यूरिया नहीं मिला.

प्रबंधक पर अभद्र व्यवहार और कालाबाजारी का आरोप

किसान भीखम गोंड का आरोप है कि जब उन्होंने विस्कोमान प्रबंधक से सभी किसानों को नियमानुसार यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की, तो प्रबंधक और एक कर्मी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा यूरिया देने से इनकार कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र पर यूरिया की कालाबाजारी की जा रही है. किसान का कहना है कि विरोध करने पर उनसे कथित रूप से कहा गया, "तुम्हें यूरिया नहीं मिलेगा, जहां जाना है जाओ." इससे आहत होकर उन्होंने गमछे से खिड़की में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया.

घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के बाद किसान काफी आक्रोशित दिखे और यूरिया वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए. इस बीच आत्महत्या के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. प्रभात खबर वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

जिला कृषि पदाधिकारी ने क्या कहा

जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि किसान देर शाम कार्यालय बंद होने के समय यूरिया लेने पहुंचे थे. कर्मियों ने उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा था, लेकिन किसान कथित रूप से दबाव बनाने के उद्देश्य से ऐसा कदम उठाने लगे. उन्होंने बताया कि बाद में कर्मियों ने समझा-बुझाकर किसान को यूरिया उपलब्ध करा दिया.

'सीवान में यूरिया की कोई कमी नहीं'

जिला कृषि पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरे राज्य में सीवान जिले के पास सबसे अधिक यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है. सभी अधिकृत सप्लायरों के पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया संरक्षित है. ऐसे में किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है.

Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >