सीवान में शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, होमगार्ड जवान घायल

Siwan News : सीवान जिले के मैरवा में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान होमगार्ड जवान उदय भान पांडेय घायल हो गए. पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है.

Siwan News : सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में बुधवार की रात शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस घटना में उत्पाद विभाग के साथ तैनात होमगार्ड जवान उदय भान पांडेय घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घायल जवान को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने घायल होमगार्ड जवान को मैरवा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया. कुछ घंटों के इलाज के बाद उन्हें होश आया. चिकित्सकों के अनुसार जवान की स्थिति फिलहाल सामान्य है, हालांकि उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं. घटना बुधवार की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है.

वाहन जांच के दौरान मिली थी शराब की सूचना

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम पहले धरनी छापर चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बड़गांव अंडरपास के समीप शराब होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, लेकिन छापेमारी के दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया, जिसमें होमगार्ड जवान घायल हो गए.

अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग के थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और घायल जवान का हालचाल लिया. इसके बाद अतिरिक्त उत्पाद बल को बुलाया गया. कई टीमों ने गांव पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल जवान का प्राथमिक उपचार कराया.

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मैरवा थाना पुलिस को भी दे दी गई है. उत्पाद विभाग हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की तैयारी में जुटा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.

Also Read : बक्सर में वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला, दो पुलिसकर्मी घायल, छापेमारी तेज



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >