Siwan News : जीरादेई रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों से एक वृद्ध का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर जीरादेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जीआरपी के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
झाड़ियों में पड़ा मिला शव, लोगों ने पुलिस को दी सूचना
थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक के समीप से गुजर रहे लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
शव से आ रही थी तेज दुर्गंध, कई दिन पुरानी मौत की आशंका
पुलिस के अनुसार शव से काफी दुर्गंध आ रही थी. प्रथमदृष्टया आशंका जतायी जा रही है कि वृद्ध की मौत करीब तीन से चार दिन पूर्व हुई होगी. पुलिस ने शव की तलाशी भी ली, लेकिन उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं मिला. कपड़े और पहचान से जुड़े किसी दस्तावेज के नहीं मिलने के कारण शव की पहचान में पुलिस को परेशानी हो रही है.
आसपास के थाना क्षेत्रों में भी पहचान कराने का प्रयास
पुलिस ने शव की तस्वीर और हुलिया के आधार पर आसपास के इलाकों के साथ-साथ दूसरे थाना क्षेत्रों में भी पहचान कराने का प्रयास किया. पुलिस स्थानीय स्तर पर यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले कुछ दिनों में कोई वृद्ध लापता तो नहीं हुआ था. देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वृद्ध रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों तक कैसे पहुंचा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
