सीवान: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर भवन में 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान' के तहत जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था.
डीडीसी ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, विशिष्ट अतिथि जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव तथा उत्पाद अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया.
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से दिया नशा मुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान म्यूजिक एवं रैप, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, चित्रकला, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, रील मेकिंग और लघु फिल्म जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया और समाज को जागरूक करने का प्रयास किया.
200 से अधिक युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 200 से अधिक युवा-युवतियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. आयोजन को सफल बनाने में जिला शिक्षा पदाधिकारी की टीम ने भी सक्रिय सहयोग दिया. कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी के नेतृत्व में किया गया. उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और जन-जागरूकता अभियानों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है.
इन प्रतिभागियों ने जीते पुरस्कार
प्रतियोगिताओं के परिणाम में चित्रकला प्रतियोगिता में गुरिया कुमारी प्रथम, दिव्यांशु शर्मा द्वितीय तथा विवेक कुमार तृतीय स्थान पर रहे. स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में दामिनी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं वाद-विवाद (डिबेट कम इलोक्यूशन) प्रतियोगिता में सागर राज विजेता रहे. समूह प्रतियोगिताओं के परिणाम पात्रता सत्यापन के बाद जिला युवा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी किए जाएंगे.
स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम की सफलता में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सुगम कुमार पांडेय, दीपा कुमारी, शैलेश कुमार, रिद्धि कुमारी, अंकित कुमार, प्रशांत, जुली, विपिन, रॉबिन, अनु, तनुजा, मुकेश, निशा, शुभम, सुंगुन और प्रीति सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
