32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के आयोजन को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी, प्रोजेक्ट, उत्क्रमित, उच्च माध्यमिक तथा सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इस संबंध में जिला स्तरीय दिशा-निर्देशन सह शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से वी.एम. उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, सीवान में किया जाएगा.
इस वर्ष का मुख्य विषय रहेगा विज्ञान और नवाचार
इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय “निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार (Science and Innovation for Sustainability)” निर्धारित किया गया है. जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन अक्टूबर माह में होगा. प्रतियोगिता की तिथि और आयोजन स्थल की जानकारी बाद में शिक्षा विभाग की ओर से जारी की जाएगी.
विद्यालयों में छात्र समूह तैयार करेंगे विज्ञान परियोजना
विभाग के निर्देशानुसार प्रशिक्षण प्राप्त विज्ञान एवं अन्य शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में अधिकतम दो छात्र-छात्राओं का समूह बनाकर मुख्य विषय पर आधारित परियोजना तैयार कराएंगे. परियोजना निर्माण के लिए विद्यालय छात्र कोष से अधिकतम 500 रुपये तक खर्च किए जा सकेंगे, ताकि छात्र नवाचार आधारित मॉडल और शोध कार्य तैयार कर सकें.
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए यह प्रक्रिया होगी अनिवार्य
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यालय को 200 रुपये अंशदान के रूप में जमा करना होगा. चयनित बाल वैज्ञानिकों का ऑनलाइन निबंधन कराने के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला समन्वयक के पास जमा करना अनिवार्य होगा. इससे प्रतियोगिता की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा.
प्रधानाध्यापकों को दिए गए जरूरी निर्देश
शिक्षा विभाग ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यालय से विज्ञान के एक शिक्षक या शिक्षिका की प्रशिक्षण कार्यशाला में समय पर सहभागिता सुनिश्चित करें. विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और शोध गतिविधियों से जोड़कर वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है.
