सावन के पहले दिन मेंहदार में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

सावन के पहले दिन मेंहदार स्थित बाबा महेंद्र नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात।

Siwan News: सावन माह के प्रथम दिन आज सिसवन प्रखंड के मेंहदार स्थित ऐतिहासिक बाबा महेंद्र नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं. मंदिर परिसर, जलाभिषेक मार्ग और आसपास के प्रमुख स्थानों पर चार दर्जन से अधिक दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है.

मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का मेंहदार पहुंचना बुधवार की शाम से ही शुरू हो गया था. बताया गया कि देर शाम तक करीब 20 हजार श्रद्धालु मेंहदार पहुंच चुके थे. सावन के पहले दिन गुरुवार को इससे कहीं अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

बैरिकेडिंग से लेकर सीसीटीवी तक की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई है. श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं. इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई, नियंत्रण कक्ष और यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है.

मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी. प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है.

दो पालियों में होगी दंडाधिकारियों की तैनाती

ऐतिहासिक महेंद्र नाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मंदिर और आसपास के चार दर्जन से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की है. दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति दो पालियों में की गई है.

प्रथम पाली के दंडाधिकारी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर रहेंगे. इसके बाद दूसरी पाली के दंडाधिकारी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ड्यूटी संभालेंगे. सभी दंडाधिकारियों को ससमय उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कोई भी दंडाधिकारी अपने प्रतिस्थानी के आने के बाद ही ड्यूटी स्थल छोड़ेगा.

मुख्य द्वार पर अधिकारियों की तैनाती

जारी निर्देश के अनुसार मंदिर के बाहरी परिसर के मुख्य द्वार पर अंदर के बीडीओ रवि कुमार के साथ सिसवन के अंचल अधिकारी उदयन सिंह, हसनपुर के बीडीओ आनंद प्रकाश और रघुनाथपुर के अंचल अधिकारी मुकेश कुमार को तैनात किया गया है.

वहीं महिला स्नान घाट पर हसनपुर की अंचल अधिकारी पूनम दीक्षित और रघुनाथपुर की बीडीओ दीक्षा गुप्ता की प्रतिनियुक्ति की गई है. पुरुष स्नान घाट पर जीरादेई के बीडीओ धीरज कुमार दुबे और सिसवन के बीडीओ राजेश कुमार तैनात रहेंगे.

महिला और पुरुष प्रवेश द्वार पर भी विशेष व्यवस्था

मंदिर के बाहरी परिसर में भ्रमणशील दंडाधिकारी के रूप में हुसैनगंज के बीडीओ राहुल कुमार और हुसैनगंज के अंचल अधिकारी मोहम्मद सरफराज अहमद को तैनात किया गया है.

महिला बैरिकेडिंग प्रवेश द्वार पर दरौंदा की बीडीओ सिंपी कुमारी, पुरुष बैरिकेडिंग प्रवेश द्वार पर रघुनाथपुर के आपूर्ति निरीक्षक मंजय कुमार और हसनपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई है.

मंदिर के अंदरूनी परिसर में भी अधिकारी तैनात

मंदिर के अंदरूनी परिसर में दरौंदा के अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण और सिसवन के मत्स्य विकास पदाधिकारी मंटू कुमार को तैनात किया गया है. पुरुष अर्घ्य स्थल के पास हसनपुर के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी भवन जंगल आशिष्वन और रघुनाथपुर के सहकारिता पदाधिकारी अभय आनंद तैनात रहेंगे.

महिला अर्घ्य स्थल के पास रघुनाथपुर की पंचायती राज पदाधिकारी पूनम कुमारी और जीरादेई की पंचायती राज पदाधिकारी कुमारी विभा पुलिस बल के साथ मौजूद रहेंगी.

इन स्थानों पर भी रहेगी नजर

इसके अलावा महिला निकास द्वार, पुरुष निकास द्वार, मंदिर के दोनों निकास द्वार से पक्की सड़क तक, भ्रमणशील विश्वकर्मा कुटी, पंचायत भवन, पंचायत भवन बैरिकेडिंग एवं पंचायत भवन गेट, रामगढ़ बैरिकेडिंग, विश्वकर्मा कुटी बैरिकेडिंग सहित अन्य स्थानों पर भी दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है.

अफवाहों से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और कतारबद्ध होकर बाबा महेंद्र नाथ का जलाभिषेक करें. श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की गई है.

प्रशासन का दावा है कि सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन एवं जलाभिषेक कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >