Siwan newlywed woman dies: (पंकज) सराय थाना क्षेत्र के मटुक छपरा गांव में शादी के महज तीन महीने बाद 21 वर्षीय नवविवाहिता सोनाली कुमारी की संदिग्ध स्थिति में शनिवार को मौत हो गयी. उसका शव ससुराल के कमरे में बेड पर मिला. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गये. मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सोनाली की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरैया सुजान थाना क्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग निवासी नंदलाल पांडेय की पुत्री थी. परिजनों के अनुसार सोनाली की शादी करीब तीन महीने पहले मई में पपौर निवासी वशिष्ठ तिवारी के पुत्र रंजीत तिवारी के साथ हुई थी. शादी में लड़के पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था. इसके बावजूद शादी के बाद से ही बुलेट बाइक और 10 ग्राम सोने की चेन की मांग की जाने लगी.
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर सोनाली को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा. वह कई बार मायके वालों से खाना नहीं देने और प्रताड़ित किए जाने की शिकायत करती थी. परिजन उसे समझाकर मामला शांत कर देते थे.
परिजनों के अनुसार, बीते एक जुलाई को ही सोनाली को उसके पति के साथ ससुराल भेजा गया था. शुक्रवार रात करीब 10 बजे सोनाली ने अपनी मां को फोन किया था. उसने बताया था कि घर के सभी लोग एकजुट होकर सामान की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं. सोनाली ने मां से यह भी कहा था कि खाना बना हुआ है, लेकिन उसे खाने नहीं दिया जा रहा है. उसने सुबह फिर बात करने की बात कही थी.
सुबह पड़ोसी ने पिता को दी बेटी की मौत की सूचना
शनिवार सुबह सोनाली की मौत की जानकारी उसके पिता को एक पड़ोसी ने फोन कर दी. सूचना मिलते ही पिता समेत मायके के अन्य लोग मटुक छपरा गांव पहुंचे. घर पहुंचने पर ससुराल पक्ष के लोग फरार मिले और घर में सन्नाटा पसरा था. सोनाली का शव कमरे में बेड पर पड़ा था.
बेटी का शव देखते ही मायके वालों में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी. घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जुट गयी.
पिता के आवेदन पर पांच लोगों पर प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही सोनाली के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं. मृतका के पिता के आवेदन पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी में सोनाली के पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है.
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, नवविवाहिता की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
बोले थानाध्यक्ष
सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि एक महिला का शव बरामद किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के आवेदन पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
