Siwan News: दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के चिंतामनपुर, अभूई और फतेहपुर होते हुए लीलाशाह के पोखरा तक जाने वाली मुख्य सड़क पर बन रहा पुल पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा है. ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और विभागीय लापरवाही के कारण निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है. इसका खामियाजा स्थानीय लोगों और राहगीरों को रोजाना भुगतना पड़ रहा है.
आवागमन पूरी तरह प्रभावित
यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. पुल निर्माण पूरा नहीं होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित है. पैदल यात्रियों और बाइक सवारों को डायवर्जन तथा संकरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
स्थानीय ग्रामीण शुभम कुमार, अनिल कुमार, बिजेंद्र कुमार, जाकिर हुसैन, गुड्डू मांझी, अनुज कुमार, विजय कुमार, नागेंद्र कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य शुरू हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है. शुरुआती दिनों में निर्माण कार्य तेज गति से चला, लेकिन बाद में इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई और अब लगभग ठप हो गई है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुल निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
