Govindapur Pull Dead Body: दरौंदा थाना क्षेत्र के गोविंदापुर गांव स्थित पुल के समीप सोमवार की सुबह पानी में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी. बाद में मृतक की पहचान ढेबर गांव निवासी पुण्यदेव मांझी के रूप में हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया.
सोमवारी पूजा के लिए जा रही महिलाओं ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं सोमवारी पूजा के लिए जा रही थीं. इसी दौरान एक महिला की नजर गोविंदापुर पुल के नीचे पानी में उपलाते शव पर पड़ी. महिला ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये.
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना दरौंदा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई सूर्य कुमार 112 टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया.
शव की पहचान पुण्यदेव मांझी के रूप में हुई
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान ढेबर गांव निवासी पुण्यदेव मांझी के रूप में की.
रविवार शाम से लापता थे पुण्यदेव
परिजनों के अनुसार, पुण्यदेव मांझी रविवार की शाम महाराजगंज बाजार जाने के लिए घर से निकले थे. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.
सोमवार दोपहर परिजनों को गोविंदापुर गांव के समीप पुल के पास पानी में शव मिलने की जानकारी मिली. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान पुण्यदेव मांझी के रूप में की.
बताया जाता है कि पुण्यदेव मांझी के चार पुत्र हैं. इनमें तीन पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र अभी अविवाहित है. उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
पानी में शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं. हालांकि, पुण्यदेव मांझी की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Also Read: अशोकधाम मंदिर हादसा: लखीसराय में 7 महिलाओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई घटना, DM-ADM ने की पुष्टि
