सीवान में सरयू नदी में स्नान करने गए व्यक्ति का नहीं मिला सुराग, एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी

सीवान के पंचमंदिरा घाट के पास सरयू नदी में 56 वर्षीय अशोक प्रसाद के डूबने की आशंका है. SDRF की टीम शव की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सीवान. गुठनी और दरौली थाना क्षेत्र के पंचमंदिरा घाट के समीप सरयू नदी में एक अधेड़ के डूबने की आशंका जताई गई है. लापता व्यक्ति की पहचान दरौली गांव के पूर्वी टोला काली मंदिर निवासी 56 वर्षीय अशोक प्रसाद के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार की शाम सरयू नदी में स्नान करने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे.

ग्रामीणों ने रातभर की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग

अशोक प्रसाद के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचमंदिरा घाट पहुंच गए और देर रात तक नदी किनारे खोजबीन करते रहे. काफी प्रयास के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका.

सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने सीओ विद्या भूषण भारती और दरौली थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे को दी. सूचना मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी जिला प्रशासन को भेजी गई. अधिकारियों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराने का निर्णय लिया.

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

शनिवार दोपहर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सरयू नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया. टीम ने कई घंटों तक नदी में तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लापता अधेड़ का कोई सुराग नहीं मिल पाया. एसडीआरएफ टीम का नेतृत्व अवधेश सिंह कर रहे हैं.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद अशोक प्रसाद के परिवार में मातम का माहौल है. उनकी पत्नी सरस्वती देवी और दोनों पुत्र चंदन कुमार तथा सूरज कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण और शुभचिंतक लगातार परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं.

क्या बोले सीओ

सीओ विद्या भूषण भारती ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और तलाश जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >