सीवान के हसनपुरा में बिजली संकट से फूटा लोगों का गुस्सा, मुख्य सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Siwan electricity crisis: नगर पंचायत हसनपुरा में बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज से नाराज उपभोक्ताओं ने गुरुवार को सिसवन-सीवान मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले इस जाम से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Siwan electricity crisis: नगर पंचायत हसनपुरा के बड़ी बाजार चारमुहानी पर गुरुवार को लगातार बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या से नाराज उपभोक्ताओं ने सिसवन-सीवान मुख्य मार्ग जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

10 से 15 दिनों से बनी हुई है बिजली संकट की स्थिति

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले 10 से 15 दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. दिनभर बिजली की आंख-मिचौनी और रात में लंबे समय तक बिजली कटौती के कारण आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. लो वोल्टेज की समस्या के चलते पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं.

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लगातार हो रही परेशानी के कारण लोगों को सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करना पड़ा.

थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ जाम

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एमएच नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) से दूरभाष पर वार्ता की. जेई ने दो से चार घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया. आश्वासन मिलने के बाद थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप से लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई.

सैकड़ों उपभोक्ता हुए शामिल

विरोध-प्रदर्शन में अलमदार हाशमी, आदिल इकबाल, शेख उमैर, आशिक अहमद, जावेद अली, सूरज कुमार, शंकर साह सहित सैकड़ों स्थानीय उपभोक्ता शामिल रहे. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Umashankar ram

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >