सीवान: शहर में बंद के दौरान 25 जुलाई को हुई हिंसा और पथराव की घटना के बाद मंगलवार को जनजीवन पूरी तरह सामान्य रहा. बाजार खुले रहे, यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से चलती रही और सरकारी व निजी कार्यालयों में भी नियमित रूप से कामकाज हुआ.
हालांकि, कानून-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती जारी रही और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई. जेपी चौक, गांधी मैदान, अस्पताल मोड़, बबुनिया मोड़, स्टेशन रोड, कचहरी मोड़, दरबार सिनेमा चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात रहे.
पुलिस की मोबाइल टीम लगातार शहर में गश्त करती रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके. संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की विशेष निगरानी जारी रही.
वाहन जांच अभियान हुआ तेज, संदिग्ध लोगों से पूछताछ
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने वाहन जांच अभियान भी तेज कर दिया है. मंगलवार को शहर में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई.
पुलिसकर्मियों ने वाहनों के कागजात की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की. कई वाहनों की डिक्की और बैग की भी तलाशी ली गई.
इधर, बाजारों में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल लौट आई. दुकानें खुलीं और लोगों ने अपनी दैनिक गतिविधियां शुरू कर दीं. हालांकि प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी के कारण सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त दिखाई दी. आम लोगों ने भी पुलिस जांच में सहयोग किया.
जिला प्रशासन ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. प्रशासन का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है.
गोली लगने से घायल आरिफ इलाज के बाद लौटा घर
शहर में बंद के दौरान हुई गोलीबारी में घायल हुए युवकों में से नगर थाना क्षेत्र के शेख मोहल्ला निवासी आरिफ इलाज के बाद घर लौट आया है. चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
वहीं गोली लगने से घायल दो युवकों आकाश और बुलेट का इलाज अभी भी पटना के अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, बंद के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के दौरान गोली लगने से तीन युवक घायल हो गए थे. सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया था.
इलाज के दौरान आरिफ की हालत में लगातार सुधार होने पर चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया. घर लौटने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली.
वहीं अन्य दो घायलों का इलाज अभी भी पटना में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के आधार पर जांच जारी
इधर, गोलीकांड की जांच भी जारी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है.
घटना के संबंध में विभागीय जांच भी चल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बिहार में NEET प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज FIR रद्द, पुलिस वेरिफिकेशन की टेंशन खत्म
