सिसवन के मधुसूदन उच्च विद्यालय को मिला मॉडल स्कूल का दर्जा, छात्रों को मिलेंगी स्मार्ट शिक्षा की सुविधाएं

बिहार सरकार की पहल पर सिसवन के मधुसूदन उच्च विद्यालय को मॉडल स्कूल का दर्जा मिला है. अब छात्र स्मार्ट क्लास, ICT, आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे. यह ग्रामीण छात्रों के लिए शहरी शैक्षणिक वातावरण का अनुभव प्रदान करेगा.

सिसवन: प्रखंड के छितौली स्थित मधुसूदन उच्च विद्यालय में रविवार को मॉडल स्कूल का स्थानीय स्तर पर उद्घाटन किया गया. यह विद्यालय बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत चयनित मॉडल स्कूलों में शामिल है. हालांकि इसका औपचारिक उद्घाटन राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया. स्थानीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.

स्मार्ट क्लास और आधुनिक संसाधनों से मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

समारोह को संबोधित करते हुए बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा. विद्यालय में स्मार्ट क्लास, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित शिक्षण, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय तथा खेलकूद की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार होगा विद्यालय

भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अवधेश यादव ने कहा कि मॉडल स्कूल केवल एक भवन नहीं, बल्कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा. इससे विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बेहतर क्षमता विकसित होगी. विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मॉडल स्कूल बनने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा.

सरकार की पहल का किया गया स्वागत

उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने बिहार सरकार की इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया. कार्यक्रम में बीडीओ राजेश कुमार, सीओ उदयन सिंह, जिला प्रवक्ता देवेंद्र तिवारी, शिक्षा प्रेमी संतोष तिवारी, टिंकू तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >