सीवान में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान, समय पर जांच और HPV टीकाकरण पर दिया गया जोर

सीवान में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए लायंस क्लब वैदेही द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान विशेषज्ञों ने बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों पर जानकारी दी.

Siwan News: महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच व एचपीवी टीकाकरण के महत्व को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लायंस क्लब वैदेही सीवान की ओर से विजय हाता रोड स्थित डिवाइन हॉस्पिटल में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और कॉलेज की युवतियों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से बीमारी की रोकथाम, पहचान और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की.

वरिष्ठ चिकित्सक रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. राम एकबाल गुप्ता तथा लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ई के जोन चेयरपरसन डॉ. रुपेश कुमार थे. इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में लायन अनुग्रह भारद्वाज मुख्य रूप से मंच पर उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का शुभारंभ किया.

विशेषज्ञों ने दी जानकारी

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. कंचन माला एवं डॉ. प्रेम माला ने सर्वाइकल कैंसर होने के मुख्य कारण, इसके शुरुआती लक्षण, नियमित पैप स्मीयर स्क्रीनिंग और एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी. विशेषज्ञों ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और एचपीवी टीकाकरण से इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

असामान्य लक्षणों को न छिपाएं

महिला चिकित्सकों ने उपस्थित युवतियों से अपील की कि वे शरीर में दिखने वाले किसी भी असामान्य लक्षण को बिल्कुल नजरअंदाज न करें तथा समय रहते योग्य चिकित्सकीय परामर्श लें. उनका कहना था कि संकोच छोड़ना और जागरूकता अपनाना ही इस जानलेवा बीमारी के खिलाफ सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है. अतिथियों ने लायंस क्लब वैदेही की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य अभियान समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

क्लब पदाधिकारियों की भूमिका

इस बड़े अभियान को सफल बनाने में लायन अचला तिवारी, सबिता कुमारी एवं मीरा कुमारी की सक्रिय भूमिका रही. कार्यक्रम का कुशल संचालन क्लब की सचिव लायन डॉ. नेहा ने किया, जबकि अध्यक्षता लायन नाज़िया शादाब ने की. उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि क्लब भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान ग्रामीण स्तर पर निरंतर चलाता रहेगा.

सुरक्षित समाज का संकल्प

अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों को नियमित क्लीनिकल स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. उपस्थित महिलाओं ने विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं को दूर करने के लिए स्वास्थ्य संबंधी कई जरूरी प्रश्न भी पूछे, जिनका डॉक्टरों ने विस्तार से उत्तर दिया. कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया.

Also Read: सीवान में झमाझम बारिश से बदला मौसम, धान की रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, उमस से भी मिली राहत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amarnath Sharma

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >