Siwan News : हसनपुरा प्रखंड के सहुली स्थित हसनपुरा बीआरसी परिसर में मंगलवार को तीन दिवसीय मशाल कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर नोडल पदाधिकारी सह शिक्षक कुणाल कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया. इसमें प्रखंड के मध्य, उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक और नामित शारीरिक शिक्षक शामिल हुए.
पहले दिन 18 प्रशिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के पहले दिन कुल 18 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया. मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार और वीरेंद्र राम ने प्रशिक्षकों को अभियान से जुड़ी गतिविधियों और प्रक्रिया की जानकारी दी. प्रशिक्षण के दौरान स्कूल स्तर पर बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने और प्रतिभाओं की पहचान करने के तरीकों पर चर्चा की गयी.
खेल के माध्यम से प्रतिभावान बच्चों की होगी पहचान
प्रशिक्षकों ने बताया कि मशाल कार्यक्रम के तहत खेल के माध्यम से अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के प्रतिभावान बच्चों को चिन्हित किया जाएगा. इसके लिए विद्यालय स्तर पर विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके.
विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का होगा पंजीकरण
अभियान के तहत मध्य और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराने पर भी जोर दिया गया है. इसके माध्यम से ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा.
एक अक्टूबर तक चलेगा अभियान
अधिकारियों के अनुसार मशाल कार्यक्रम-2026 के तहत चलने वाला अभियान आगामी एक अक्टूबर तक जारी रहेगा. इस दौरान विद्यालयों में खेल गतिविधियों और पंजीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
शिक्षक और प्रशिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में कृष्णानंद त्रिपाठी, सुनील कुमार सिंह, मनीर आलम, मो. मोबिन, कुमारी सिंकल यादव, दिलीप कुमार साह, संजीव कुमार, पंकज कुमार सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे.
