BPSC TRE teachers' arrears payment: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से चयनित TRE-1, TRE-2 एवं TRE-3 शिक्षकों के लंबे समय से लंबित एरियर भुगतान को लेकर STF बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने सीवान जिले के पात्र शिक्षकों के विभिन्न मदों में लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की.
लंबे समय से लंबित है शिक्षकों का एरियर
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में BPSC के माध्यम से चयनित कई शिक्षकों का विभिन्न मदों में देय एरियर लंबे समय से लंबित है. भुगतान में हो रही देरी के कारण शिक्षकों में असमंजस और निराशा की स्थिति बनी हुई है. संगठन का कहना है कि एरियर भुगतान के लिए पूर्व में शिक्षकों से आवश्यक विवरण और दावे मांगे गये थे. शिक्षकों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरी कागजात और विवरण भी उपलब्ध करा दिये, इसके बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है.
स्पष्ट प्रारूप जारी करने की मांग
STF बिहार ने कहा कि यदि किसी शिक्षक की ओर से एरियर का विवरण निर्धारित प्रारूप के अनुरूप तैयार नहीं किया गया है, तो विभाग को स्पष्ट प्रारूप और दिशा-निर्देश जारी करना चाहिए. आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कार्यालय द्वारा शिक्षकों के दावों का सत्यापन कराया जाये और आवश्यक सुधार के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाये.
संगठन ने शिक्षा मंत्री से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने और सीवान जिले के TRE-1, TRE-2 एवं TRE-3 के सभी पात्र शिक्षकों के लंबित एरियर का भुगतान यथाशीघ्र सुनिश्चित कराने का आग्रह किया.
भुगतान होने तक आवाज उठाता रहेगा संगठन
प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों का एरियर उनका न्यायोचित अधिकार है. संगठन इस मामले को लगातार संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाता रहा है. पात्र शिक्षकों को भुगतान मिलने तक संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा.
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रदेश उप सचिव वसीम अख्तर, कार्यकारिणी अध्यक्ष अर्णव अखिलेश, जिला मीडिया प्रभारी अभय कुमार एवं अनूप कुमार, जिला उपाध्यक्ष गौरव कुमार, गौरी शंकर, कृष्ण सिंह सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
