Siwan News: सिवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के बगौरा गांव में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हथियार लहराने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में चार नामजद समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है.
24 जुलाई की पार्टी का वीडियो आया सामने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त को पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ युवक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते दिख रहे थे. जांच में पता चला कि यह वीडियो 24 जुलाई 2026 को बगौरा निवासी राजेश श्रीवास्तव के पुत्र देवांश कुमार और पुत्री आदिति कुमारी के जन्मदिन समारोह का है.
वीडियो में युवक हाथ में हथियार लहराते हुए डांस कर रहे थे और लोगों के बीच हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे.
दो आरोपी गिरफ्तार, चार पर नामजद FIR
स्थानीय चौकीदार और ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की, जिनमें बगौरा निवासी संदीप कुमार जायसवाल (19 वर्ष) और राहुल कुमार महतो (18 वर्ष) शामिल हैं.
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के स्वलिखित बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए संदीप कुमार और राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में निम्नलिखित लोगों को आरोपित बनाया गया है:
- राजेश श्रीवास्तव (आयोजक)
- मुन्ना कुमार श्रीवास्तव
- संदीप कुमार जायसवाल (गिरफ्तार)
- राहुल कुमार महतो (गिरफ्तार)
- एक अज्ञात व्यक्ति
हथियारों के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब वीडियो में दिख रहे हथियारों की प्रकृति (वैध या अवैध) और उनके स्रोत की गहनता से जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन करना एक गंभीर अपराध है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: सीवान में 17 अगस्त से पेपरलेस होगी जमीन की रजिस्ट्री, बदल जाएगा पूरा तरीका, जानिए अब कैसे होगी पहचान
