Siwan Trains Cancelled: गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग कार्य को लेकर रेलवे ने बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लिया है. प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग कार्य तथा 3 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के कारण सीवान से जुड़ी कई सवारी, मेमू और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इसके चलते यात्रियों को 31 अगस्त से 4 सितंबर तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
रेलवे के अनुसार, गोरखपुर कैंट से 31 अगस्त से 4 सितंबर तक चलने वाली 55036 गोरखपुर कैंट-सीवान सवारी गाड़ी तथा सीवान से इसी अवधि में चलने वाली 55035 सीवान-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी. इसी तरह 55037/55038 सीवान-थावे-सीवान सवारी गाड़ी भी 31 अगस्त से 4 सितंबर तक रद्द रहेगी.
कई सवारी और डेमू ट्रेनें भी रहेंगी रद्द
इसके अलावा 55055/55056 छपरा-नकहा जंगल और गोरखपुर-छपरा सवारी गाड़ियां 1 से 3 सितंबर तक निरस्त रहेंगी. वहीं 3 सितंबर को 65115/65116 भटनी-अयोध्या धाम-भटनी मेमू, 75103 छपरा-थावे डेमू और 75105 थावे-नकहा जंगल डेमू का परिचालन भी रद्द रहेगा.
लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
निर्माण कार्य का असर लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ेगा. 14673 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस, 13019 हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस, 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस, 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस, 15565 ललितग्राम-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, 12565 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस और 19725 खातीपुरा-दरभंगा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा.
मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों के सीवान, जीरादेई, मैरवा, दरौंदा, एकमा, भटनी, देवरिया सदर और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव प्रभावित होंगे. यात्रियों को इन स्टेशनों पर ट्रेन के ठहराव और परिचालन की जानकारी पहले से प्राप्त करने की सलाह दी गयी है.
विशेष ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित
वहीं 02563 बरौनी-नई दिल्ली और 02569 दरभंगा-नई दिल्ली विशेष गाड़ियों को भी 3 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. रेलवे ने इन ट्रेनों के यात्रियों को भी यात्रा से पहले परिचालन संबंधी अपडेट लेने की सलाह दी है.
दो ट्रेनों का परिचालन चौरी चौरा तक सीमित
दो ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से सीमित किया गया है. 15105 छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस 3 सितंबर को नौतनवा के बजाय चौरी चौरा तक चलेगी. चौरी चौरा-नौतनवा के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा. वापसी में 15106 नौतनवा-छपरा एक्सप्रेस नौतनवा के बजाय चौरी चौरा से चलेगी.
इसके अलावा 30 अगस्त और 2 सितंबर को चलने वाली 55041 सीवान-गोरखपुर कैंट तथा 55042 गोरखपुर कैंट-सीवान सवारी गाड़ी भी गोरखपुर कैंट के बजाय भटनी से शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट की जाएंगी.
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. ट्रैफिक ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनें रद्द, कुछ परिवर्तित मार्ग से और कुछ अपने निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त या वहीं से शुरू की जाएंगी. ऐसे में पहले से जानकारी लेने से यात्रियों को अचानक होने वाली परेशानी से बचने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
