Bihar News: बिहार के सिवान जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने स्कूल को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. लकड़ी नबीगंज थाना इलाके के माधोपुर स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में दो रात लगातार चोरी की घटना सामने आई है.
पहली घटना के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार रात चोर स्कूल की बाउंड्री पार कर अंदर घुसे और ताला तोड़कर हाजिरी लगाने वाला टैब और पढ़ाई से जुड़े अन्य उपकरण चोरी कर लिए. इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि शिकायत के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोरों ने दूसरी रात फिर से स्कूल में धावा बोला और जो भी सामान बचा था, उसे भी चोरी कर लिया.
दूसरी रात फिर चोरी, बचे सामान भी ले गए चोर
मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने अगली रात फिर स्कूल में धावा बोला. दूसरे दिन जो भी सामान बचा था, उसे भी चुरा लिया. इससे स्कूल में लगभग सभी जरूरी सामान गायब हो गए. शिक्षा का मंदिर, जहां बच्चों का भविष्य संवरता है, वहां दो रातों तक बेखौफ चोरों का कब्जा रहा.
लोगों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि इलाके में अपराध बढ़ रहा है, लेकिन पुलिस गश्त प्रभावी नहीं है. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. सहायक शिक्षक ने भी घटना को लेकर चिंता जताई और स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
(सिवान से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट)
Also Read: JDU के बाहुबली विधायक पप्पू पांडे को कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
