सीवान से शिवनाथ पांडेय
Bihar Degree College: सीवान जिले के नौतन प्रखंड के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है. वर्षों से डिग्री कॉलेज की मांग कर रहे छात्रों को अब अपने ही प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने जा रही है. राजकीय डिग्री कॉलेज नौतन में स्नातक (बीए) की पढ़ाई 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि नामांकन प्रक्रिया जारी है. विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है.
1 जुलाई से शुरू होगी स्नातक की पढ़ाई
राजकीय डिग्री कॉलेज नौतन में स्नातक (बीए) की कक्षाओं का संचालन 1 जुलाई 2026 से शुरू कर दिया जाएगा. कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत समय पर हो सके.
17 जून तक करें आवेदन
नामांकन के इच्छुक छात्र-छात्राएं अब 17 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पहले आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित थी, लेकिन छात्रहित को ध्यान में रखते हुए जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने इसे बढ़ा दिया है.
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है कॉलेज
यह डिग्री कॉलेज बिहार सरकार की उस महत्वाकांक्षी योजना के तहत खोला जा रहा है, जिसके तहत उन प्रखंडों में उच्च शिक्षा संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं जहां पहले कॉलेज की सुविधा उपलब्ध नहीं थी. नौतन भी ऐसे ही प्रखंडों में शामिल है. कॉलेज भवन का निर्माण पूरा होने तक स्नातक की कक्षाओं का संचालन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज नौतन परिसर में किया जाएगा. इससे छात्रों की पढ़ाई बिना किसी देरी के शुरू हो सकेगी.
डीएवी पीजी कॉलेज के अनुभवी शिक्षकों को मिली जिम्मेदारी
कॉलेज के संचालन के लिए डीएवी पीजी कॉलेज से दो अनुभवी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह को बर्सर तथा प्रो. (डॉ.) शमशाद अहमद खान को प्राचार्य बनाया गया है. दोनों अधिकारी जल्द ही कॉलेज की प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करेंगे. कॉलेज प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के बीच समन्वय प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. उम्मीद जताई जा रही है कि भूमि निरीक्षण के बाद जल्द ही कॉलेज भवन निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा.
