Bharat Tiwari Encounter : (आनंद मिश्र /अभय पांडे ) भरत तिवारी की मौत को लेकर सीवान जिले में जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को जिले के बड़हरिया और सिसवन प्रखंड के चैनपुर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने अलग-अलग कैंडल मार्च निकालकर भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और CBI जांच की मांग उठाई.
बड़हरिया में निकला विशाल कैंडल मार्च
बड़हरिया प्रखंड के लकड़ी बाजार में सामाजिक कार्यकर्ता बबलू तिवारी के नेतृत्व में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया. यह मार्च लकड़ी शिव मंदिर पोखरा से शुरू होकर लकड़ी गांव, परशुराम चौक, सब्जी मंडी, लकड़ी बाजार और माली मोड़ होते हुए पुनः शिव मंदिर पोखरा पहुंचा. इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
Bharat Tiwari Case : मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि
कैंडल मार्च के समापन पर युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग बुलंद की और पूरे क्षेत्र में भावुक माहौल देखने को मिला.
‘भरत तिवारी को इंसाफ दो’ के नारों से गूंजा इलाका
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘भरत तिवारी अमर रहें’, ‘भरत तिवारी को इंसाफ दो’ और ‘दोषियों को सजा दो’ जैसे नारे लगाए. युवाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा.
Bihar News : सिसवन के चैनपुर में भी उमड़ा जनसैलाब
उधर सिसवन प्रखंड के चैनपुर बाजार में भी भरत तिवारी की मौत के विरोध में विशाल श्रद्धांजलि सभा और कैंडल मार्च का आयोजन किया गया. अम्बेडकर चौक से शुरू हुआ यह मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए अस्पताल रोड के पास समाप्त हुआ. इसमें ग्रामीणों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
पुलिस कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल
चैनपुर में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस कार्रवाई और कथित एनकाउंटर पर सवाल उठाए. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण किया है तो उसके साथ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की.
‘यह सिर्फ एक मौत नहीं, जवाबदेही का सवाल’
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भरत तिवारी की मौत केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक जवाबदेही और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी संस्था या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय और पारदर्शिता के लिए है.
Bharat Tiwari Justice Protest: CBI जांच की मांग हुई तेज
दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए.
समाज के लिए संघर्ष करने वाले व्यक्ति थे भरत तिवारी
कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे बबलू तिवारी और बजरंगी तिवारी ने कहा कि भरत तिवारी समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज थे. उन्होंने कहा कि समाज की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने अपनी जान गंवाई है, इसलिए पूरा समाज उन्हें न्याय दिलाने के लिए एकजुट है.
Arrah News : जिलेभर में बढ़ रहा समर्थन
भरत तिवारी मामले को लेकर जिले में लगातार समर्थन बढ़ता जा रहा है. विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय लोगों द्वारा न्याय की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं. इससे मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है.
