Siwan News: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में शनिवार को पंचायती के दौरान एक युवक ने खुद को धारदार वस्तु से घायल कर लिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने उपचार के बाद युवक को अस्पताल से छोड़ दिया.
इलाज के दौरान युवक की पहचान भीखमपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह के पुत्र पंकज सिंह के रूप में हुई. उसके साथ अस्पताल पहुंचे भाई सैकी ने बताया कि पंकज भगवानपुर बाजार स्थित एक सोनार की दुकान पर काम करता है. दुकान संचालक ने उस पर करीब तीन लाख रुपये के बर्तन चोरी करने का आरोप लगाया है. इसी मामले को लेकर गांव में पंचायती के लिए पंचों को बुलाया गया था.
चोरी के आरोप को गलत बताते हुए पंचायती में पहुंचा था युवक
बताया गया कि पंचायती के दौरान पंकज ने अपने ऊपर लगाए गए चोरी के आरोप को गलत बताया. उसने अपनी ईमानदारी साबित करने की बात कही. इसी दौरान उसने खुद को धारदार वस्तु से घायल कर लिया. अचानक हुई घटना के बाद पंचायती स्थल पर अफरातफरी मच गयी.
मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण तत्काल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल से छोड़ दिया.
डायल-112 पर युवक ने दी थी पुलिस को सूचना
इस मामले में थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने आने के लिए कहा गया था. हालांकि, वह थाने नहीं पहुंचा.
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. चोरी के आरोप और पंचायती के दौरान हुई घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी
पुलिस के अनुसार, युवक के आरोप और दुकान संचालक की ओर से लगाए गए चोरी के आरोप की भी जानकारी जुटायी जा रही है. मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
