बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव से 25 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है. युवक की मां सुशीला देवी ने पुलिस को आवेदन देकर बेटे छोटेलाल के साथ अनहोनी की आशंका जतायी है. मामले में उन्होंने गांव के ही तीन लोगों को नामजद किया है.
27 अगस्त की रात से गायब है युवक
पुलिस को दिये आवेदन में सुशीला देवी ने बताया कि उनका पुत्र छोटेलाल 27 अगस्त की रात करीब आठ बजे घर से गायब हो गया. काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि रसूलपुर निवासी किशोर राम के पुत्र संदीप राम, राजकुमार राम के पुत्र संदीप कुमार और हरिलाल साह की पत्नी बसंती देवी ने उनके पुत्र को गायब किया है.
घर के पास मिले कपड़े और चप्पल
महिला ने बताया कि घर से कुछ ही दूरी पर उनके पुत्र के कपड़े और चप्पल मिले हैं. इन सामानों के मिलने के बाद उन्हें बेटे के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका है.
आवेदन में उन्होंने नामजद लोगों पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस युवक की तलाश के साथ घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी जांच कर रही है.
विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर युवक की तलाश में जुटी है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस
