Minor thrown into river: आंदर थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे दाहा नदी पुल पर एक 13 वर्षीय किशोर को नदी में फेंकने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. हालांकि, पुल से गुजर रहे एक अज्ञात युवक की तत्परता से किशोर की जान बच गयी. घटना के बाद हरदोपट्टी गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, आंदर थाना क्षेत्र के हरदोपट्टी गांव निवासी प्रो. मनोज कुमार सिंह का 13 वर्षीय पुत्र आर्यन सिंह सोमवार को आंदर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने गया था. अपराह्न करीब तीन बजे पढ़ाई खत्म होने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था.
इसी दौरान दाहा नदी पुल पर पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर पुल की रेलिंग के ऊपर से नीचे नदी की ओर ले जाने की कोशिश की.
शोर मचाने पर राहगीर ने बचाया
अचानक हुई घटना से किशोर घबरा गया और मदद के लिए शोर मचाने लगा. उसकी आवाज सुनकर पुल से गुजर रहा एक अज्ञात युवक तत्काल मौके पर पहुंचा और किशोर को बचाया.
इसके बाद उसने कथित आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा भी किया, लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भयभीत किशोर को संभाला और उसके परिजनों को सूचना दी.
परिजनों ने थाने में दी लिखित शिकायत
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. इसके बाद आंदर थाना में घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही गयी है. घटना के बाद परिवार के लोग काफी चिंतित हैं और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
हालांकि, इस संबंध में आंदर थानाध्यक्ष सुनील कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है.
पुल पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी जा रही है. लोगों ने मामले की जांच कर दोषी की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
