सीवान: रेलवे स्टेशन सीवान के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्री का मोबाइल झपटकर भाग रहे एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 23 हजार रुपये मूल्य का रेडमी कंपनी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया.
लुधियाना से छपरा जा रहे यात्री को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस के कोच एस-6 की बर्थ संख्या-21 पर लुधियाना से छपरा जा रहे यात्री हजरत अली का मोबाइल सीवान स्टेशन पहुंचते ही एक युवक ने झपट लिया और भागने लगा.
घटना के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण यादव, इंद्रजीत यादव तथा जीआरपी के आरक्षी राजकुमार और शिवा ने तत्काल पीछा कर आरोपी को दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद हो गया.
पूछताछ में आरोपी की हुई पहचान
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान फहीम अली के रूप में बताई. वह सीवान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर वार्ड संख्या-9 निवासी फिरोज अहमद का पुत्र है.
इसके बाद आरोपी और बरामद मोबाइल को रेल थाना सीवान लाया गया.
रेल थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
पीड़ित यात्री के लिखित आवेदन पर रेल थाना सीवान में कांड संख्या 136/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
त्वरित कार्रवाई से यात्री को वापस मिला मोबाइल
RPF और GRP की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण यात्री को उसका मोबाइल तत्काल वापस मिल गया. इस कार्रवाई की यात्रियों ने सराहना की है.
Also Read:बिहार में अब रात के 2 बजे भी नहीं रुकेगी बच्चों की पढ़ाई? नए डिजिटल लर्निंग ऐप से मिलेगा ये फायदा
